गौरहा के विरोध के बाद बेलतरा की सड़कों पर पहुंचे विधायक,अधिकारियों को दिए निर्देश.

बिलासपुर -:- बेलतरा विधानसभा में बदहाल सड़कों और नाली निर्माण की स्थिति को लेकर कांग्रेस नेता अंकित गौरहा द्वारा लगातार उठाए जा रहे सवालों के बीच रविवार को स्थानीय विधायक सुशांत शुक्ला ने उन्हीं प्रमुख क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। विधायक ने अशोक नगर से बिरकोना,सेंदरी-मोपका बाईपास और राजकिशोर नगर मार्ग का भ्रमण कर सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया।

विधायक के इस अचानक सड़क निरीक्षण को लेकर अब बेलतरा की सियासत गरमा गई है। गौरहा द्वारा एक दिन पहले ही सड़क और नाली निर्माण की स्थिति को लेकर सरकार और स्थानीय नेतृत्व पर सवाल उठाए गए थे। इसके बाद विधायक का अधिकारियों के साथ संबंधित क्षेत्रों में पहुंचना राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।

गौरहा के सवालों के केंद्र में थे यही इलाके

अंकित गौरहा पिछले कुछ समय से बेलतरा क्षेत्र की सड़क,नाली और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर मुखर हैं। अशोक नगर–बिरकोना मार्ग,सेंदरी–मोपका बायपास और राजकिशोर नगर सहित कई इलाकों की समस्याओं को लेकर उन्होंने प्रशासन से जवाब और कार्रवाई की मांग की है। अब विधायक द्वारा इन्हीं क्षेत्रों का निरीक्षण किए जाने पर गौरहा ने कहा कि जनता के मुद्दों को लगातार उठाने का उद्देश्य ही यही है कि जिम्मेदार लोग जमीन पर पहुंचें और समस्याओं का समाधान हो।

सोशल मीडिया पोस्ट नहीं, अब सड़कों पर परिणाम चाहिए—गौरहा

गौरहा ने कहा विधायक जी सड़कों पर उतरकर निरीक्षण करना अच्छी बात है। यदि जनता और विपक्ष की आवाज के बाद जिम्मेदार जनप्रतिनिधि जमीन पर पहुंचते हैं, तो इसका स्वागत है। लेकिन अब केवल निरीक्षण और अधिकारियों को निर्देश देने से काम नहीं चलेगा। अशोक नगर से बिरकोना, सेंदरी–मोपका बायपास और राजकिशोर नगर की सड़कों एवं नालियों का काम गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा होना चाहिए।उन्होंने कहा कि वे निरीक्षण के बाद होने वाले वास्तविक काम की निगरानी करेंगे और हमने सवाल उठाया,सरकार/विधायक ने निरीक्षण किया,अब परिणाम की जिम्मेदारी उनकी है। यदि जनता को राहत नहीं मिली तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *