
तखतपुर। भारत की स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ के पावन एवं गौरवमयी अवसर पर तखतपुर विधानसभा क्षेत्र की धरती राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति और राष्ट्रीय चेतना के भाव से अनुप्राणित नजर आई। विभिन्न शासकीय एवं शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित गरिमामय समारोहों में राष्ट्रध्वज पूरे स्वाभिमान के साथ आकाश में लहराया और वातावरण “भारत माता की जय” तथा “वंदे मातरम्” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।

इस ऐतिहासिक अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष शिक्षक संघ, प्रदेश कार्य समिति सदस्य एवं भाजपा किसान मोर्चा बिलासपुर के जिलाध्यक्ष दिनेश राजपूत “गुरूजी” ने विधानसभा तखतपुर के विभिन्न स्थानों पर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित होकर राष्ट्रध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी।
दिनेश राजपूत ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय तखतपुर, जनपद मिडिल स्कूल तखतपुर एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय तखतपुर में ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान की पवित्र धुन के बीच उपस्थित जनसमुदाय ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव की रक्षा का संकल्प लिया।

इस अवसर पर दिनेश राजपूत “गुरूजी” ने कहा कि हमारे लिए तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों के स्वाभिमान, त्याग, तपस्या और बलिदान की जीवंत पहचान है। असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर जिस आजादी का सूर्योदय कराया, उस स्वतंत्रता की गरिमा को अक्षुण्ण रखना और भारत को विकास एवं समृद्धि के शिखर तक पहुंचाना हम सभी का पवित्र दायित्व है।
उन्होंने कहा कि आज का भारत आत्मविश्वास से परिपूर्ण, संकल्पों से सशक्त और विकास के नए आयाम गढ़ने की दिशा में निरंतर अग्रसर है। स्वतंत्रता दिवस हमें अपने गौरवशाली अतीत से प्रेरणा लेकर उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है।

समारोह में अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण, विद्यार्थी, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे। चारों ओर तिरंगे की शान, राष्ट्रभक्ति की उमंग और देशप्रेम की भावनाएं दिखाई दीं। “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद” के गगनभेदी उद्घोष से तखतपुर की धरा राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग उठी।


