तखतपुर/बिलासपुर।
भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा बिलासपुर के जिलाध्यक्ष दिनेश राजपूत ‘गुरूजी’ ने नारी वंदन योजना के विरोध को लेकर कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दलों पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा है कि यह विरोध उनके नारी विरोधी चेहरे और काली करतूतों को पूरी तरह उजागर करता है।
श्री राजपूत ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने महिलाओं को सशक्त बनाने, उन्हें राजनीतिक भागीदारी में समान अधिकार देने और उनके सम्मान को सुरक्षित करने के उद्देश्य से 33% आरक्षण देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया। यह निर्णय देश की मातृशक्ति के सम्मान और अधिकारों की दिशा में एक मील का पत्थर है।
उन्होंने कहा कि जब देश की महिलाओं को सशक्त करने का यह ऐतिहासिक अवसर आया, तब कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने विरोध में मतदान कर यह साबित कर दिया कि वे महिलाओं के अधिकारों के विरोधी हैं। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि जो दल महिलाओं के हितैषी होने का दावा करते हैं, वही उनके अधिकारों के खिलाफ खड़े नजर आते हैं।
श्री राजपूत ने कड़े शब्दों में कहा कि भारतीय जनता पार्टी नारी सम्मान के लिए हर लड़ाई लड़ने को तैयार है। चाहे सड़क हो या सदन, भाजपा महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए कभी पीछे नहीं हटेगी।
उन्होंने कहा कि जो लोग इस ऐतिहासिक अधिनियम का विरोध कर रहे हैं, उन्हें देश की मातृशक्ति लोकतांत्रिक तरीके से सबक सिखाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार ने हमेशा महिलाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी है—उज्ज्वला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मातृत्व वंदना योजना जैसी अनेक योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का कार्य किया गया है। नारी वंदन योजना उसी दिशा में एक ऐतिहासिक और निर्णायक कदम है।
अंत में श्री राजपूत ने कहा कि अब देश की महिलाएं जागरूक हो चुकी हैं और वे यह भली-भांति समझती हैं कि कौन उनके सम्मान और अधिकारों के साथ खड़ा है और कौन उनके खिलाफ खड़ा है। आने वाले समय में जनता ऐसे नारी विरोधी दलों को करारा जवाब देगी।

