बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के जिला मंत्री धर्मेंद्र चंद्राकर के सुपुत्र शिवांश चंद्राकर ने देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेंस 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 98 पर्सेंटाइल अंक प्राप्त कर बिलासपुर जिले सहित पूरे छत्तीसगढ़ का नाम गौरवान्वित किया है। शिवांश की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से परिवार, मित्रों एवं क्षेत्रवासियों में हर्ष का वातावरण है।
शिवांश की सफलता पर बिलासपुर के लोकप्रिय एवं यशस्वी विधायक अमर अग्रवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, भाजपा किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष दिनेश राजपूत तथा मंडल अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण कश्यप शुभम विहार स्थित राधा कृष्ण भवन पहुंचकर शिवांश एवं उनके परिवार को पुष्पगुच्छ भेंट कर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
इस अवसर पर विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि शिवांश ने कठिन परिश्रम, अनुशासन एवं लगन के बल पर यह सफलता अर्जित की है। उन्होंने कहा कि आज के युवा यदि लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करें तो कोई भी मुकाम हासिल करना असंभव नहीं है। शिवांश की यह उपलब्धि जिले के हजारों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में जिले के प्रतिभाशाली छात्र लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे बिलासपुर की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हो रही है। उन्होंने शिवांश के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आने वाले समय में वे निश्चित रूप से देश एवं समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
भाजपा किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष दिनेश राजपूत ने कहा कि शिवांश की सफलता केवल उनके परिवार की नहीं बल्कि पूरे संगठन एवं जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को शिवांश से प्रेरणा लेकर शिक्षा एवं प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में आगे बढ़ने का संकल्प लेना चाहिए।
इस दौरान उपस्थित
जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने शिवांश को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में पार्षद नितिन पटेल, स्मिता नामदेव, विजय नामदेव, नरेंद्र यादव, रोशन सिंह ठाकुर, लक्ष्मी देवांगन, पिंटू सिंह, सोनल चंद्राकर, अभिषेक चंद्राकर, साहिल सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, शुभचिंतक एवं परिवारजन उपस्थित रहे।

